देहरादून। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक), उत्तराखंड में धर्मेन्द्र कुमार पाल (डी.के. पाल) को ‘महामंत्री संगठन’ का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर उन्होंने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार राजपूत, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, इंटक के पदाधिकारियों, मजदूर साथियों एवं कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
डी.के. पाल ने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें सौंपी गई यह जिम्मेदारी उनके लिए महज एक पद नहीं, बल्कि उत्तराखंड के मेहनतकश श्रमिकों के सम्मान, अधिकार और हितों की मजबूती से पैरवी करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ऐसे में मजदूरों के सम्मान, रोजगार की सुरक्षा, उचित पारिश्रमिक, सामाजिक सुरक्षा और श्रम अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
डी.के. पाल ने कहा कि उनका विशेष प्रयास रहेगा कि इंटक के संगठन को उत्तराखंड के हर जिले, क्षेत्र और श्रमिक बस्ती तक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाए। जमीनी स्तर पर संगठन को विस्तार देते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों को इंटक से जोड़ा जाएगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार राजपूत का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उनके लिए प्रेरणा और नई ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने कांग्रेस एवं इंटक के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मजदूर साथियों और शुभचिंतकों के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।
डी.के. पाल ने कहा कि यह जिम्मेदारी केवल उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रदेश के उन हजारों-लाखों मेहनतकश श्रमिकों की जिम्मेदारी है, जिनके परिश्रम और योगदान से उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वे श्रमिकों के सम्मान और अधिकारों की आवाज बनकर पूरी मजबूती के साथ उनके बीच खड़े रहेंगे।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से इंटक को मजबूत, अनुशासित, सक्रिय और संघर्षशील संगठन बनाया जाएगा तथा श्रमिकों की आवाज को उत्तराखंड के हर कोने तक पहुंचाया जाएगा।
अंत में डी.के. पाल ने प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार राजपूत सहित कांग्रेस एवं इंटक के समस्त वरिष्ठ नेतृत्व, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मजदूर साथियों एवं शुभचिंतकों का पुनः हृदय से आभार व्यक्त किया।
