देहरादून। मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) का दायित्व प्राप्त होने के उपरांत राज्य मंत्री धीरेन्द्र पंवार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद, शुभकामनाएँ एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा को सर्वोपरि मानकर पूर्ण समर्पण, ईमानदारी एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।

राज्य मंत्री धीरेन्द्र पंवार ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, विश्वास एवं मार्गदर्शन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उन्हें सौंपे गए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा।

धीरेन्द्र पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने ईश्वर से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका कुशल नेतृत्व प्रदेशवासियों का मार्गदर्शन करता रहे।
