देहरादून। रायपुर विधानसभा के विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पौधा भेंट किया। यह भेंट पर्यावरण संरक्षण तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को आगे बढ़ाने के संकल्प का प्रतीक रही।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड में सर्वाधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव रायपुर विधानसभा के विकास को नई गति प्रदान करता रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को मजबूती मिली है तथा अनेक ऐतिहासिक और जनहितकारी कानून बनाए गए हैं, जिन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और विकासोन्मुखी नीतियों के कारण उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में अपनी अलग पहचान बना रहा है। इस दौरान दोनों ने प्रदेश के विकास,राजनीति,पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।
