देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों के अंतर्गत अजबपुर मंडल की मासिक बैठक रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ के कैंप कार्यालय, अजबपुर कलां में उत्साह एवं अनुशासन के साथ संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुषमा कुकरेती ने की। इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए रायपुर विधायक उमेश शर्मा’काऊ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी योग्य नागरिक का नाम छूटने न पाए। इसके लिए बूथ स्तर पर नियमित सत्यापन, जनजागरूकता और समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफलतापूर्वक पाँच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, समान अवसरों का विस्तार, आधारभूत संरचनाओं का विकास तथा युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश को नई दिशा दे रहे हैं।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफलतापूर्वक पाँच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

इस दौरान सरकार में दायित्वधारी विनोद उनियाल , भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. आर.पी. रतूड़ी तथा दलीप कंडारी,मंडल पदाधिकारी, पार्षद, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, कार्यकारिणी सदस्य तथा शक्ति केंद्र संयोजकों को संगठनात्मक गतिविधियों के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनसंपर्क आधारित बनाने पर विशेष बल दिया गया।
