एमडीडीए में विकास परियोजनाओं की प्रदर्शनी, धामी सरकार के पांच वर्षों की विकास यात्रा से रूबरू हुए नागरिक

देहरादून। सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) सभागार में विकास परियोजनाओं की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य प्रदेश सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में किए गए विकास कार्यों, आधुनिक आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना था।
प्रदर्शनी में राज्यभर में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसमें सड़क, रेल, ऑल वेदर रोड, रोपवे, क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना, शहरी आधारभूत ढांचे, पर्यटन, आवास, कनेक्टिविटी और जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया कि राज्य सरकार किस प्रकार दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर सड़क और परिवहन सुविधाएं पहुंचाकर विकास की नई संभावनाएं तैयार कर रही है।
प्रदर्शनी में आधुनिक शहरी विकास, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण संरक्षण, आवासीय योजनाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले कार्यों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न परियोजनाओं के मॉडल, चित्रों और सूचना पैनलों के माध्यम से आगंतुकों को योजनाओं की प्रगति और उनके लाभों से अवगत कराया गया।


एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकें और विकास कार्यों से जुड़ सकें।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आगे कहा कि किसी भी विकास योजना की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब आमजन उसकी जानकारी प्राप्त करें और उसमें सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां सरकार और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनती हैं तथा विकास कार्यों के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करती हैं।

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया। उपस्थित लोगों ने राज्य में तेजी से विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे और जनहितकारी योजनाओं की सराहना करते हुए इसे विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।