शिव महापुराण के अमृत संदेश से समाज को मिलेगी नई दिशा : विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’

देहरादून। रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने आज सरस्वती विहार,अजबपुर खुर्द स्थित शिव शक्ति मंदिर में आयोजित दिव्य श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ में सहभागिता कर कथा श्रवण किया तथा भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने भगवान शिव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना करते हुए कहा कि शिव महापुराण का श्रवण मनुष्य को सत्य, सेवा, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान शिव त्याग, करुणा और लोकमंगल के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही एक सशक्त, संस्कारित एवं समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।


उन्होंने कहा कि श्रावण मास में शिव महापुराण कथा का श्रवण आध्यात्मिक ऊर्जा, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करता है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम भी है।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासियों ने श्रद्धाभाव के साथ शिव महापुराण कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार, प्रदेश एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की प्रार्थना की।